देहरादून.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश पर त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेशभर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य सचिव एवं आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि आमजन को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को सख़्त निर्देश दिए हैं कि खाद्य कारोबार में लापरवाही और मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कुमाऊँ मण्डल के नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चम्पावत जिलों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 200 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान 100 किलो से अधिक अनुचित खाद्य सामग्री जप्त कर नष्ट की गई। कुल मिलाकर 252 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और दोषी पाए गए कारोबारियों पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। इसके साथ ही करीब 180 खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया। नवरात्रि पर्व को देखते हुए व्यापारियों व व्यापार संगठनों के बीच जन-जागरूकता गोष्ठियां आयोजित की गईं, जिनमें सुरक्षित और गुणवत्तापरक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।
गढ़वाल मण्डल में 27 सितम्बर को बड़े पैमाने पर निरीक्षण और सैंपलिंग की गई। जनपद उत्तरकाशी में 08 निरीक्षण किए गए और 02 नमूने लिए गए। टिहरी में 02 निरीक्षण, रुद्रप्रयाग में 03 निरीक्षण तथा चमोली में 04 निरीक्षण किए गए। इसी प्रकार देहरादून जिले में 03 निरीक्षण किए गए और 02 नमूने एकत्र किए गए। हरिद्वार जिले में 02 निरीक्षण हुए। पौड़ी जिले में 03 निरीक्षण किए गए। श्रीनगर में सबसे बड़ी कार्रवाई हुई, जहाँ 18 निरीक्षण किए गए और 11 नमूने संकलित किए गए। इसके अतिरिक्त नैनीताल (गढ़वाल सीमा क्षेत्र) में भी 02 नमूने लिए गए।
