देहरादून.

उत्तराखंड आबकारी विभाग की ओर से मंगलवार को देहरादून जनपद के कुँआवाला क्षेत्र स्थित शराब गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण आबकारी आयुक्त उत्तराखंड अनुराधा पाल के निर्देश पर किया गया, जिसमें, सहायक आयुक्त के.पी. सिंह, आबकारी निरीक्षक संजय रावत और सुंदर तोमर समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप गोदामों में भंडारण व्यवस्था, स्टॉक प्रबंधन, सुरक्षा प्रावधानों और परिवहन प्रणाली की गहन समीक्षा करना था ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि आबकारी राजस्व की सुरक्षा और उपभोक्ताओं की सुविधा दोनों सुनिश्चित हो सकें।

 

आबकारी आयुक्त ने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, तानाशाही या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोदामों में सुरक्षा मानकों, स्टॉक नियंत्रण, और परिवहन की पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, मदिरा दुकानों को सभी ब्रांड्स की नियमित और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए ताकि उपभोक्ताओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। यह निरीक्षण राज्य सरकार की पारदर्शी और सख्त आबकारी नीति को लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल आबकारी राजस्व की रक्षा होगी, बल्कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवा भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *