देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि IMC खुरपिया उत्तराखण्ड के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। इसका ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर दिसंबर 2028 तक पूरा कर लिया जाएगा।
सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई NICDIT की शीर्ष मॉनिटरिंग बैठक में CM धामी ने वर्चुअल प्रतिभाग किया।
उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए 1002 एकड़ भूमि पूरी तरह NUITL के कब्जे में है और स्थल पर कोई बाधा नहीं है। 20 मार्च 2026 को EPC अनुबंध होने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। परियोजना के लिए 24.1 किमी ROW क्लियर कर ठेकेदार को उपलब्ध करा दिया गया है।
बाह्य अवसंरचना के तहत नागला-किच्छा SH-44 के 10.7 किमी हिस्से को फोरलेन किया जा रहा है। साथ ही 400/220 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण पर भी काम चल रहा है।
CM ने कहा कि IMC खुरपिया से प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय भी मौजूद थे।
