देहरादून के पॉश इलाके रेसकोर्स में एक नाबालिग लड़की का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है। बता दें यह शव रेसकोर्स स्थित एमएलए हॉस्टल से कुछ ही कदम दूर एक फ्लैट में रस्सी से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर फिलहाल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया और सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन करने के बाद इस मामले को पुलिस ने आत्महत्या बताया है। हालांकि लड़की के परिजनों ने इस मामले पर हत्या की आशंका जताई है। अब किस वजह से इस लड़की की मौत हुई है यह पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। आपको बता दें मात्र 15 साल की यह लड़की बिहार की मूल निवासी बताई जा रही है। देहरादून में यह विक्रम लूथरा नामक व्यक्ति के यहां घरेलु काम किया करती थी। एक नाबालिग को काम पर रखने और इसी बीच उसके आत्महत्या करने की वजह से लूथरा परिवार भी फिलहाल शक के घेरे में है और पुलिस परिवार वालों से पूछताछ कर रही है।

देहरादून के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही और शव का पोस्टमॉर्टम होने के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी। राजधानी देहरादून में एमएलए हॉस्टल के पास एक नाबालिक लड़की के आत्महत्या के मामले में विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा। पुलिस के मुताबिक लड़की ने आत्महत्या की है। अभी मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। वहीं कांग्रेस के कई बड़े नेता लड़की के घर पर पहुंचे और उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार का लॉ एंड ऑर्डर फेल हो चुका है। विपक्ष लगातार विधानसभा में भी हंगामा करता हुआ नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *