देहरादून
प्रेम, सद्भावना, श्रद्धा और आस्था का प्रतीक ऐतिहासिक श्री झण्डा जी मेला इस साल बेहद भव्य स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। देश विदेश से भारी संख्या में संगतें और श्रद्धालु गुरु की नगरी देहरादून पहुंचते हैं। श्री गुरुराम राय दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुआई में श्री झण्डे जी का आरोहण किया गया है और अब एक अप्रैल को ऐतिहासिक नगर परिक्रमा होगी। सिखों के सातवें गुरु श्री गुरु हर राय के बड़े पुत्र गुरु राम राय महाराज का जन्म सन् 1646 ई. में जिला होशियारपुर के कीरतपुर, पंजाब में हुआ था। श्री गुरु राम राय जी महाराज ने देहरादून को अपनी तपस्थली चुना व दरबार साहिब में लोक कल्याण के लिए विशाल झण्डा लगाकर श्रद्धालुओं को ध्वज से आशीर्वाद लेने का संदेश दिया था। होली के पांचवें दिन चैत्रवदी पंचमी को श्री गुरु राम राय जी महाराज के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है व हर साल श्री झण्डे जी मेल का आयोजन किया जाता है। ऐतिहासिक श्री झण्डे जी मेले में शीश नवाने व श्री गुरु राम राय जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए देश विदेश से लाखों की संख्या में संगतें हर साल देहरादून पहुंचती हैं। दरबार साहिब के सज्जादानशीन महंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा श्री झण्डे जी मेले एतिहासिक महत्व है।
