देहरादून

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे से पहले कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के उत्तराखंड से लगाव होने व उत्तराखंड के लिए कनेक्टिविटी रोजगार व आपदा प्रबंधन के लिए किए गए दावों को खोखला व झूठ का पिटारा करार देते हुए उनसे कहा कि वे 11 अप्रैल को होने वाली रैली में जनता के सामने उत्तराखंड की जनता के चंद सवालों का जवाब अवश्य दें ।

आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में एआईसीसी सदस्य व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को उत्तराखंड की सभी माता बहनों को जवाब देना चाहिए कि जब वे शक्ति वंदन की बात करते हैं तो उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की हत्या के पीछे जो वीवीआइपी था उसका पता क्यों नहीं बताया गया।

धस्माना ने कहा कि एक समाचार पत्र में प्रधनमंत्री का एक लंबा चौड़ा साक्षात्कार छपा है जिसमें वे उत्तराखंड से विशेष लगाव होने की बात कहते हुए कई दावे कर रहे हैं जो केवल झूठ व जुमलों का पिटारा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कनेक्टिविटी के बारे में पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने कभी इस पर सोचा ही नहीं जबकि सच्चाई यह है कि आल वेदर रोड कह कर जिसका ढिंढोरा पीटा जा रहा है वह सारी सड़कें कांग्रेस के जमाने की बनी हैं जिनका चौड़ीकरण किया जा रहा है भाजपा सरकार ने केवल उसका नामकरण आल वैदर रोड कर दिया जबकि सच बात यह है कि वो तीन से चार महीने बाधित रहती है और इसमें पिछले दस वर्षों में जितनी दुर्घटनाएं व मौत हुईं उतनी पहले 60 वर्षों में नहीं हुईं ।

 

धस्माना ने कहा कि जॉली ग्रांट हवाई अड्डा हो या नैनी सैनी या पंतनगर हवाई अड्डे ये सब कांग्रेस के राज में बने हैं और जितनी आंतरिक व सम्पर्क मार्ग उत्तराखंड में 2002 से 2007 के बीच कांग्रेस शाशनकाल में बने उतने बाकी के 17 वर्षों में नहीं बने। धस्माना ने कहा कि बद्रीनाथ जी व केदारनाथ जी में मंदिरों के मौलिक स्वरूप को छेड़ छाड़ करने को मोदी अपनी उपलब्धि बता रहे हैं।

धस्माना ने कहा कि आज उत्तराखंड में एक भी भाजपा प्रत्याशी अपने काम पर वोट नहीं मांग रहे और केवल मोदी की गारंटी के नाम पर वोट मांग रहे हैं जबकि सच्चाई यह है कि मोदी की कोई गारंटी आज तक पूरी नहीं हुई चाहे वो काले धन लाने,15 लाख हर नागरिक को देने, महंगाई कम करने, 2 करोड़ बेरोजगारों को हर साल रोजगार देने समेत कोई गारंटी पूरी नहीं हुई इसलिए अब उत्तराखंड समेत देश का कोई मतदाता मोदी की गारंटी पर विश्वास नहीं करता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *