*देहरादून*
उत्तराखंड के जंगलों में इन दिनों आग लगी हुई है। कई जगहों पर आग विकराल रूप भी ले रहा है। हालांकि वन विभाग की ओर से आग पर काबू पाने और आग को बढ़ने से रोकने के लिए तमाम प्रयास किया जा रहे हैं। जंगल की आग पर विपक्ष सरकार पर हमलावर है और बीजेपी ने कांग्रेस पर दुष्प्रचार के आरोप लगाए हैं।
प्रदेश में दिन पर दिन जंगलों की आग बढ़ती जा रही है और कई जगह आग अब बेकाबू हो रही है। एक ओर जहां आग से कोरोड़ों की वन संपदा जलकर खाक हो गई है। तो वहीं आग से अब लोगों की जान भी जा रही है। आग के कारण अब तक प्रदेश में पांच लोगों की मौत हो गई है। सबसे ज्यादा नुकसान कुमाऊं मंडल में हुआ है। लेकिन वन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक जंगल में पेड़ नहीं जले है और ना ही वन्य जीव को हानि पहुंची है। जिसे लेकर अब राजनीतिक शुरू हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना का कहना है कि आग अब आबादी वाले इलाकों में फैलने लगी है। डेढ़ हजार हेक्टेयर में आग लगने के बावजूद भी वन विभाग के अधिकारी अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए झूठ बोल रहे हैं। आपदा प्रबंधन विभाग पर भी सूर्यकांत धस्माना ने कई सवाल खड़े किए हैं, और सरकार भी इस बाबत कार्रवाई करने के निर्देश सिर्फ वन विभाग के अधिकारियों को दे रही है लेकिन आपदा प्रबंधन के सचिव नदारद हैं।
वहीं भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि सरकार इस दिशा में काफी गंभीर है। वनों में आग को बुझाने के लिए तमाम प्रयास किया जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों के साथ बैठककर उन्हें कई निर्देश दिए हैं और लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा है। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कांग्रेस पर इसको लेकर राजनीति करने और दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे मामलों को लेकर लगातार दुष्प्रचार कर रही है, जबकि सरकार वनों में लगी आग को बुझाने के लिए काफी गंभीर है।
