हरिद्वार। उत्तराखंड

हरिद्वार के लक्सर कोतवाली पुलिस को चोरों ने चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. सुल्तानपुर में चोरों ने कपड़ा व्यापारी की दुकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये के कपड़े और डेढ़ लाख से अधिक नकदी पर हाथ साफ कर दिया. पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित दुकानदार सावेद के मुताबिक, उसकी दुकान लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर स्थित है. सोमवार सुबह जब वह दुकान को खोलने पहुंचा तो चोरी होने की जानकारी मिली. चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से से दीवार तोड़कर दुकान में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. पीड़ित के मुताबिक, दुकान से 7 लाख रुपए का कपड़ा और एक लाख 73 हजार रुपए की नकदी गायब है. पीड़ित दुकानदार ने व्यापार मंडल के साथ कोतवाली पहुंचकर चोरी की तहरीर दी.

 

वहीं सुल्तानपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित गोयल ने पुलिस से अपील करते हुए चोरी की घटना का खुलासा करने की मांग की है. जबकि सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी लोकपाल पंवार ने बताया कि चोरी की घटना की तहरीर प्राप्त हुई है. जांच की जा रही है. शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा. गौर है कि लक्सर कोतवाली क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में चोरों ने खेतों में पानी की सप्लाई के लिए लगी मोटर पर हाथ साफ किया है. क्षेत्र में लगभग एक दर्जन मोटर चोरी हो चुकी है. जिसे लेकर क्षेत्र के किसानों में भी काफी आक्रोश है. किसानों द्वारा पुलिस को तहरीर भी दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *