देहरादून

पटेल नगर क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई एक व्यक्ति की मौत का पुलिस ने खुलासा किया है. कोतवाली पटेल नगर पुलिस का कहना है कि अवैध संबंधों के चलते पत्नी और उसके प्रेमी मिलकर पति की हत्या की.अपनी करतूत को छिपाने के लिए पत्नी पति की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर रिश्तेदारों के साथ शव को लेकर अस्पताल पहुंची थी. घटना पर संदेह होने पर पुलिस ने सभी संभावित पहलुओं पर जांच की. जांच में सामने आया कि पिछले कई सालों से मृतक की पत्नी और चचेरा भाई एक दूसरे के संपर्क में थे और दोनों को पति ने पहले भी रंगे हाथ पकड़ा था. जिसके बाद उसे ठिकाने लगाने की साजिश रची गई।

16 दिसंबर को महंत इंद्रेश अस्पताल से एक डेथ मेमो कोतवाली पटेल नगर को मिला था। शव के पंचायतनामा की कार्रवाई के दौरान मृतक के गले में निशान और कानों से खून का आना पाया गया, जिससे मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में होना पाए जाने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. घटना के संबंध में मृतक की हत्या किए जाने के संदेह के मद्देनजर मृतक के भाई सुमित की तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेल नगर पर मुकदमा दर्ज किया गया।

 

घटना का खुलासा के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया. गठित टीमों ने मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर हिरासत में लिया. मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ में मृतक की पत्नी और मृतक के चचेरे भाई के बीच प्रेम प्रसंग होने की जानकारी पुलिस को मिली. जिस पर मृतक की पत्नी और उसके चचेरे भाई को पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. उनके द्वारा रात में मृतक का चुन्नी से गला दबाकर उसकी हत्या किया जाना स्वीकार किया गया।

 

आरोपी यूपीसीएल में संविदा पर लाइनमैन का कार्य करता है और वर्तमान में आईएसबीटी क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर बिजली घर में नियुक्त है. साल 2017 में गांव से अपने चचेरे भाई के पास देहरादून आया था और साल 2020-2021 में उसके द्वारा निरंजरनपुर से आईआईटी की थी. इस दौरान उसका और भाई की पत्नी से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. इस बात का पता भाई को चलने पर उनके बीच आपस में विवाद हो गया. जिसके बाद चचेरा भाई घर छोड़कर चला गया. घर छोड़कर जाने के बाद भी दोनों आपस में मिलते जुलते रहते थे और फोन पर लगतार एक दूसरे के संपर्क में थे.कुछ समय बाद चचेरा भाई उनके घर के पास ही अलग कमरा लेकर रहना लगा. दोनों घर अगल बगल में होने के कारण दोनों फिर मिलने लगे.मृतक की पत्नी और प्रेमी एक दूसरे से शादी करना चाहते थे, जिसके लिए दोनों ने मृतक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *