हाथरस।उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. सेठ पी.सी. बागला डिग्री कॉलेज के भूगोल प्रोफेसर और चीफ प्रॉक्टर डॉ. रजनीश कुमार पर 30 से अधिक छात्राओं के यौन शोषण का आरोप लगा है. पुलिस ने उसकी मोबाइल जांच में 65 अश्लील वीडियो बरामद किए हैं, जिनमें से अधिकतर कॉलेज की छात्राओं के हैं. यह भी सामने आया है कि उसने कई वीडियो पोर्न साइट्स पर अपलोड किए थे. इस मामले का खुलासा तब हुआ जब 6 मार्च को एक छात्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई. छात्रा ने पत्र के साथ फोटो और वीडियो के सबूत भी भेजे, जिनमें प्रोफेसर की घिनौनी करतूतें कैद थीं. उसने लिखा

.

.

रजनीश कुमार छात्राओं का यौन शोषण कर रहा है. वह परीक्षा में अच्छे नंबर और नौकरी का लालच देकर लड़कियों को अपने जाल में फंसाता है. जो मना करती हैं, उन्हें धमकाया जाता है. मैंने पिछले एक साल में कई जगह शिकायतें कीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. अब मैं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हूं और कभी-कभी आत्महत्या करने का विचार आता है. छात्रा ने यह भी बताया कि कॉलेज प्रशासन को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.

.

.

महिला आयोग के आदेश पर जब पुलिस ने प्रोफेसर रजनीश से पूछताछ की, तो उसने अपना मोबाइल सौंप दिया, लेकिन पहले ही डेटा डिलीट कर चुका था. पुलिस ने मोबाइल का डेटा रिकवर कराया, तो 65 अश्लील वीडियो मिले. इसके बाद 13 मार्च को हाथरस गेट थाने में मुकदमा दर्ज हुआ. जांच में यह भी सामने आया कि पिछले 18 महीनों में छात्राओं ने 5 बार कॉलेज प्रशासन से शिकायत की थी, लेकिन हर बार मामले को दबा दिया गया. छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन भी इस अपराध में शामिल हो सकता है.

.

.

मामला सामने आने के बाद हाथरस के डीएम राहुल पांडेय ने चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित की, जिसमें एसडीएम सदर, सीओ सिटी, तहसीलदार सादाबाद और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शामिल है. डीएम ने कहा किजांच रिपोर्ट आने के बाद कठोर कार्रवाई होगी. वहीं, एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि प्रोफेसर रजनीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें गठित की गई हैं. फिलहाल, आरोपी प्रोफेसर फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है. इस घटना ने कॉलेज प्रशासन और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. कैसे एक प्रोफेसर 20 साल तक छात्राओं का शोषण करता रहा और कोई कार्रवाई नहीं हुई?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *