*चमोली, 15 अगस्त 2026*
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने शनिवार को हाट-सियासैण, मायापुर पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में कार्यरत श्रमिकों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। उन्होंने श्रमिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य सरकार टीएचडीसी टनल हादसे से प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के साथ संवेदनशीलता से खड़ी है। मंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव के साथ-साथ प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने हादसे के बाद उत्पन्न परिस्थितियों से अवगत कराते हुए प्रभावित परिवारों के लिए उचित आर्थिक सहायता, आजीविका की दीर्घकालिक व्यवस्था, घायलों के लिए आर्थिक सहायता और निःशुल्क उपचार तथा हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग रखी।
मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और उनके हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने अधिकारियों से श्रमिकों की मांगों और वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी ली और निर्देश दिए कि घायलों के उपचार, परिवारों से समन्वय और सहायता उपलब्ध कराने में कोई कमी न रहे।
इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, टीएचडीसी के अधिकारी और प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उपस्थित रहे।
