*देहरादून, 15 अगस्त 2026*
80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। समारोह की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गायन और राष्ट्रगान से हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। 14 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों, वीर बलिदानियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया। हाल की प्राकृतिक आपदाओं में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि सरकार राहत, उपचार और पुनर्वास के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
*सीएम की 7 बड़ी घोषणाएं:*
1. चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित होंगे
2. प्रदेश के प्रथम युवा आयोग की स्थापना होगी
3. सीमांत गांवों के युवा, भूतपूर्व सैनिक और अग्निवीरों को स्वरोजगार के लिए अतिरिक्त सहायता
4. वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार
5. प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये
6. 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, आईआईटी-आईआईएम से निःशुल्क प्रशिक्षण और बैंक ऋण पर 30 प्रतिशत अनुदान
7. प्रदेश के बहादुर बच्चों के लिए इस वर्ष से बाल वीरता पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2026 ऐतिहासिक वर्ष है। देश स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में है और वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और उत्तराखंड को 2035 तक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत और प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत वृद्धि हुई है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर है। समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे निर्णयों का भी उल्लेख किया।
समारोह में डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, महेन्द्र भट्ट, नरेश बंसल, डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और डीजीपी दीपम सेठ सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
