*देहरादून, 17 अक्टूबर 2026 -* एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए कोतवाली कैंट पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश लक्ष्मण साहनी को गिरफ्तार किया है।
SSP के निर्देश पर वांछित और इनामी अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित की गई थीं। इसी क्रम में इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सुरागरसी के बाद कैंट पुलिस ने लक्ष्मण साहनी पुत्र दहाड उर्फ दोहड साहनी को कांवली रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी का वर्तमान पता कांवली रोड लेबर अड्डा चौक, कोतवाली नगर देहरादून और स्थायी पता ग्राम टीसीडी मोरो, दरभंगा, बिहार है। उम्र 26 वर्ष है।
पुलिस के अनुसार लक्ष्मण अपने साथियों सैंटी साहनी और संजय साहनी के साथ मिलकर लगातार चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था। इनके खिलाफ 8 मुकदमे दर्ज हैं। लगातार अपराध में लिप्त रहने पर इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई थी, जिसके बाद कोतवाली कैंट में मु.अ.सं. 123/2026 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपी के खिलाफ थाना कैंट में ही चोरी के तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक हिमानी चौधरी, चौकी प्रभारी बिंदाल, उप निरीक्षक पंकज महिपाल, कांस्टेबल योगेश सैनी, अजय कुमार और दीपक कुमार शामिल रहे।
