*देहरादून, 17 अक्टूबर 2026 -* पटेलनगर क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में शामिल मुख्य आरोपी गुरमीत को दून पुलिस ने पीसीआर पर लेकर घटना में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद किया है। घायल युवक के मामले में यह तीसरी गिरफ्तारी है।

20 अगस्त 2026 को स्विफ्ट कार सवार युवकों ने पटेलनगर में फायरिंग की थी, जिसमें साहिल नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 544/26 धारा 109/3(5)/352 BNS के तहत केस दर्ज किया गया था।

SSP देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ घंटों बाद ही एक आरोपी रोहित को नया गांव बैरियर से कार समेत गिरफ्तार कर लिया था, जबकि 24 सितंबर को दूसरे आरोपी नमन को शामली, यूपी से पकड़ा गया था। मुख्य आरोपी गुरमीत फरार चल रहा था और पुलिस की लगातार दबिश से घबराकर उसने 3 अक्टूबर को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।

पुलिस ने कोर्ट से आरोपी का रिमांड लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि कॉलेज के पुराने विवाद के चलते उसने साथियों के साथ मिलकर वारदात की थी। पहले ITS कॉलेज रोड पर आदित्य, सुजल और उनके साथियों पर फायरिंग की, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। भीड़ इकट्ठा होने पर वे स्विफ्ट कार से भागे, तो आदित्य और उसके साथियों ने बाइक से पीछा किया। इसके बाद शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूड्स चौक के पास गुरमीत ने दोबारा फायर किया, जिसमें साहिल को गोली लग गई।

रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर नया गांव के जंगलों से 32 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी गुरमीत पुत्र राजकुमार निवासी जघेडा, थाना रामपुर मनिहारन, सहारनपुर, उम्र 23 वर्ष है। उसके खिलाफ पहले से भी दो मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *