*देहरादून, 16 अक्टूबर 2026 -* मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इंजीनियर्स एन्कलेव, कावली क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति के बन रहे व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया। कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
प्राधिकरण के अनुसार अनिल सक्सेना एवं अन्य द्वारा मिलन विहार के सामने, इंजीनियर्स एन्कलेव में बिना स्वीकृत मानचित्र के व्यावसायिक उपयोग के लिए टिन शेड और कमरों का निर्माण कराया जा रहा था। शिकायत पर MDDA ने उत्तराखंड नगर योजना एवं विकास अधिनियम के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर मौके पर निर्माण रोकने के निर्देश दिए और वाद योजित किया।
12 अक्टूबर को हुई सुनवाई में संबंधित पक्ष उपस्थित तो हुआ, लेकिन व्यावसायिक निर्माण के लिए जरूरी स्वीकृति के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और जवाब भी संतोषजनक नहीं मिला। इसके बाद प्राधिकरण ने नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि राजधानी में सुनियोजित विकास के लिए अवैध प्लाटिंग और बिना नक्शे के निर्माण पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। नियम तोड़ने वालों को चिन्हित कर नियमानुसार एक्शन लिया जाएगा।
वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि अवैध निर्माणों पर पहले नोटिस देकर पक्ष रखने का मौका दिया जाता है। इंजीनियर्स एन्कलेव मामले में दस्तावेज न मिलने पर ही सीलिंग की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी भवन या व्यावसायिक निर्माण से पहले MDDA से मानचित्र स्वीकृत जरूर करा लें, ताकि सीलिंग जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।
