*देहरादून, 16 अक्टूबर 2026 (सू.ब्यूरो) -* मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा है कि राज्य का स्किल डेवलपमेंट प्लान उद्योगों की वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप तैयार किया जाए। शुक्रवार को सचिवालय में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, इंडस्ट्री और प्राइवेट प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में उन्होंने स्टेट स्किल डेवलपमेंट प्लान को लेकर कई अहम निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रशिक्षण और उद्योगों की मांग के बीच के अंतर को खत्म करने पर फोकस किया जाए। हर क्षेत्र में रोजगार के अवसरों और प्रशिक्षण के लक्ष्यों का आंकलन कर योजना बनाई जाए। उभरते हुए कौशल क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए और इसके लिए सेतु आयोग के अध्ययन का भी उपयोग किया जाए।

उन्होंने सभी जनपदों के डिस्ट्रिक्ट स्किल डेवलपमेंट प्लान जल्द तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। कहा कि जनपदों में रोजगार की संभावनाओं, उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं और कौशल की मांग का आंकलन कर योजना बनाई जाए। जिन क्षेत्रों में रोजगार की संभावना है लेकिन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम नहीं हैं, उन्हें चिन्हित कर कार्यक्रम चलाए जाएं।

मुख्य सचिव ने कहा कि कौशल विकास को उद्योगों से जोड़ने के लिए भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) और प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेजों के साथ समन्वय किया जाए। सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के मानक तय किए जाएं ताकि गुणवत्ता में एकरूपता आए। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रमों का नियमित आंकलन और थर्ड पार्टी ऑडिट भी कराया जाए।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास योजनाओं का मकसद युवाओं को सिर्फ प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योगों की मांग के अनुसार दक्ष बनाकर रोजगार के बेहतर अवसर देना होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *