*देहरादून, 17 अक्टूबर 2026 -* मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को चार स्थानों पर अभियान चलाया।
प्राधिकरण ने धर्मपुर और कांवली में दो अवैध बहुमंजिला निर्माणों को सील किया है, जबकि सेलाकुई क्षेत्र में लगभग 20 बीघा भूमि पर हो रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
*धर्मपुर और कांवली में सीलिंग -*
MDDA की टीम ने धर्मपुर स्थित प्रगति विहार लेन नंबर-6 में उपेन्द्र अग्रवाल द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को सील किया। वहीं मानसरोवर कॉलोनी, कांवली में कैलाश, सतीश और हरीश डोभियाल द्वारा किए जा रहे अवैध बहुमंजिला निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
*सेलाकुई में 20 बीघा प्लॉटिंग ध्वस्त -*
अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ न्यू हाईवे, शिमला बाईपास क्षेत्र के कल्याणपुर, सेलाकुई में कार्रवाई हुई। यहां देवेंद्र रावत एवं अन्य द्वारा लगभग 10 बीघा और नवाज अली व भू-स्वामी द्वारा लगभग 10 बीघा पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को टीम ने ध्वस्त किया। इस दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहा।
*उपाध्यक्ष बोले – नियोजित विकास के लिए सख्ती जारी रहेगी -*
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नियोजित विकास के विजन के अनुरूप अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिक भूमि खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति और स्वीकृतियों की जांच अवश्य करें।
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि शिकायतों और स्थलीय निरीक्षण के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। भवन निर्माण से पहले आवश्यक स्वीकृतियां लेना जरूरी है।
