*हल्द्वानी चोरगलिया, 16 अगस्त 2026*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद नैनीताल के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी चोरगलिया पहुंचकर क्षेत्रीय जनता से मुलाकात की। हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कॉलेज परिसर में आमजन और जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए किसी को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 993 लाख रुपये की लागत से बने 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया। मानसून में शेर नाला उफान पर आने से आवागमन बाधित होता था और लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नए पुल से क्षेत्रीय जनता के साथ पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
