*चमोली, 17 अगस्त 2026*

गढ़वाल मंडल आयुक्त आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल हादसे की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में रेस्क्यू अभियान की प्रगति, एजेंसियों के बीच समन्वय और श्रमिकों के हितों पर चर्चा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कुल 22 श्रमिक प्रभावित हुए थे। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल रेस्क्यू किया जा चुका है। 7 श्रमिक जिला अस्पताल गोपेश्वर और 1 श्रमिक एम्स ऋषिकेश में उपचाराधीन हैं। हादसे में 8 श्रमिकों की मृत्यु हुई है, जबकि 2 लापता श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।

आयुक्त ने निर्देश दिए कि लापता श्रमिकों की तलाश और रेस्क्यू कार्य पूरी गंभीरता और तेजी से किया जाए। सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बताया गया कि अब तक टनल से 3 मशीनें हटाई जा चुकी हैं। 1 एक्सकेवेटर और 1 डम्पर को हटाने का कार्य जारी है। आयुक्त ने शेष मशीनरी हटाकर खोज एवं बचाव कार्य में गति लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने आरबीएनएल के साथ समन्वय कर टीएचडीसी से संबंधित कार्यों में सहयोग बढ़ाने को भी कहा। साथ ही श्रम अधिकारी को परियोजना में कार्यरत श्रमिकों के पीएफ रिकॉर्ड की जांच कर रिपोर्ट तैयार करने और उसे श्रम आयुक्त को भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी गौरव कुमार, एसपी सुरजीत सिंह पंवार, सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित टीएचडीसी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *