देहरादून- 17 अगस्त 2026

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण में सोमवार को उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में आईएसबीटी परिसर के रेनोवेशन और संचालन को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था और व्यावसायिक गतिविधियों को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रस्तावों पर सहमति बनाते हुए संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। मॉल परिसर में हार्टिकल्चर और इंजीनियरिंग कार्यों को भी प्राथमिकता पर कराने पर सहमति बनी। बैठक में सचिव मोहन सिंह बर्निया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

*किराये का होगा पुनर्निर्धारण*

आईएसबीटी परिसर की सभी दुकानों, कार्यालयों, रेस्टोरेंट और कियोस्क के किराये का पुनर्निर्धारण किया जाएगा। लंबे समय से लंबित अनुबंधों का नवीनीकरण भी होगा। पुराने कियोस्क के स्थान पर नए कियोस्क का निर्माण लगभग पूरा है। पुराने लाइसेंसधारियों को नए कियोस्क में स्थानांतरित किया जाएगा। टेंडर में समय लगने पर नई दरों के आधार पर अस्थायी स्थानांतरण की भी व्यवस्था होगी। नए अनुबंधों में कड़े नियम जोड़े जाएंगे ताकि कियोस्क सबलेट या व्यवसाय बदलने पर रोक लग सके।

 

*भूतल पर बढ़ेंगी यात्रियों के लिए सुविधाएं*

यूटीसी ऑफिस, यूनियन ऑफिस और हिमाचल रेस्ट रूम को प्रथम तल पर शिफ्ट किया जाएगा। खाली होने वाले भूतल का उपयोग यात्री सुविधाओं के लिए होगा। प्रशासनिक कार्यालय को सामने स्थित रेस्टोरेंट नंबर-2 में शिफ्ट किया जाएगा। वर्तमान प्रशासनिक कार्यालय को सर्वर रूम और रिकॉर्ड रूम बनाया जाएगा।

 

*आधुनिक होंगे शौचालय, बदलेगा प्लेटफार्म का फर्श*

शौचालयों का उच्च गुणवत्ता में पुनर्निर्माण होगा। ए-ब्लॉक का काम अंतिम चरण में है। दुरुपयोग रोकने के लिए न्यूनतम उपयोग शुल्क तय किया जाएगा। प्लेटफार्म का फर्श चरणबद्ध तरीके से बदला जाएगा। निर्माण के दौरान बंद रहने वाले प्रतिष्ठानों का किराया समायोजित किया जाएगा।

 

*आईएसबीटी में बनेगा ओला-ऊबर बूथ*

यात्रियों की सुविधा के लिए ओला-ऊबर सहित अन्य ऑनलाइन कैब सेवाओं के लिए निर्धारित बूथ बनाए जाएंगे। इससे भीड़, जाम और अव्यवस्था कम होगी। संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए।

 

*पुलिस गश्त बढ़ेगी, लाइट-केबल बदलेंगी*

शराबियों, जुआरियों और चोरी रोकने के लिए नियमित पुलिस गश्त होगी। पुरानी स्ट्रीट लाइट, लाइट पोल और पावर केबल चरणबद्ध तरीके से बदली जाएंगी। एसटीपी तक निर्बाध बिजली के लिए 415 मीटर एलटी केबल और 400 मीटर एचडीपीई पाइप लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी।

 

*निष्प्रयोज्य सामग्री और सौंदर्यीकरण*

रेनोवेशन में निकल रही लोहा, टिनशेड जैसी सामग्री का चरणबद्ध निस्तारण होगा। मॉल परिसर में एनएचएआई कार्यालय हटने के बाद खाली जगह पर तारबाड़ और सौंदर्यीकरण होगा। चिलर सिस्टम, कंडेनसर, इवापोरेटर मोटर पैनल की मरम्मत भी कराई जाएगी।

 

*ड्रिंकिंग वाटर और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त होगी*

मॉल के 8 ड्रिंकिंग वाटर पैनल ठीक होंगे। पंप रूम में जलभराव रोकने को डी-वाटरिंग पंप लगेगा। 11 केवी वैक्यूम सर्किट ब्रेकर रूम और आरएमयू रूम में जलभराव दूर करने के तकनीकी उपाय किए जाएंगे।

*बयान*

एमडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि आईएसबीटी और मॉल परिसर को आधुनिक और व्यवस्थित बनाना प्राथमिकता है। रेनोवेशन, सुरक्षा और विद्युत व्यवस्था में तेजी लाई जाएगी। किराये और अनुबंध नियमानुसार होंगे।

एमडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि सभी चिन्हित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्री सुविधाओं और तकनीकी खामियों को प्राथमिकता पर ठीक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *