*अल्मोड़ा/सोमेश्वर, 18 अगस्त:*
अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के धौलाघाट स्थित रामलीला मैदान में श्रम विभाग के ‘उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड’ के तत्वावधान में विशाल किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर 280 पंजीकृत पात्र लाभार्थियों को पोषण किट, स्वच्छता किट तथा शैक्षणिक सामग्री किट वितरित की गई। लाभार्थियों में महिला श्रमिक, पुरुष और बच्चे शामिल थे।
श्रमिकों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि देश और प्रदेश के बुनियादी ढांचे तथा नवनिर्माण में श्रमिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। पसीना बहाकर विकास की नींव रखने वाले श्रमिकों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। हमारी सरकार श्रमिकों के हर सुख-दुख की सच्ची साथी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से निर्माण श्रमिकों के लिए विवाह सहायता, प्रसूति सहायता, मृत्युोपरांत सहायता, छात्रवृत्ति, कौशल उन्नयन तथा श्रमिक स्वास्थ्य जैसी अनेक योजनाएं चला रही है। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों में काम करने वाले अंतिम व्यक्ति तक इन योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ पहुंचे।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र श्रमिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और पंजीकरण प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाया जाए।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, जिला श्रम अधिकारी आशा पुरोहित, मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, गोपाल खोलिया, विपिन पाठक, हरीश रौतेला, जगदीश आर्य, कैलाश गोस्वामी, नरेंद्र बिष्ट, देवेंद्र मेहरा, प्रीती जोशी सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
