*देहरादून।* मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए अस्पतालों में गुणवत्तापरक सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों और बड़े उप जिला अस्पतालों का 31 मार्च 2027 तक एनएबीएच प्रत्यायन कराया जाए। इसके लिए प्रक्रिया तुरंत शुरू करने को कहा।
बैठक में मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण पर जोर देते हुए सभी अस्पतालों में ई-हॉस्पिटल और एकीकृत स्वास्थ्य प्रबंधन प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए। रिक्त चिकित्सकीय पदों को भरने के साथ सेवानिवृत्त और निजी क्षेत्र के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं लेने पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने सरकारी अस्पतालों में डायलिस सेवा 24×7 शुरू करने और अगले 3 माह में किडनी ट्रांसप्लांट सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र प्रक्रिया को सरल बनाकर लोगों को राहत देने को कहा।
मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी बढ़ाने, सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू करने और इवनिंग ओपीडी चलाने के भी निर्देश दिए गए।
