*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर शुरू किए गए “मेरे सपनों का उत्तराखंड” अभियान को प्रदेश के विद्यार्थियों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। सीएम विद्यार्थी मंथन डॉट कॉम पोर्टल पर अब तक 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपने निबंध अपलोड कर दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि 10 अगस्त को मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के 11वीं-12वीं के करीब 3 लाख विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद करते हुए राज्य के विकास पर अपने विजन को निबंध के रूप में भेजने का आह्वान किया था। विद्यार्थियों से पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन-पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी जैसे 8 विषयों पर विचार मांगे गए हैं।

सीएम धामी ने कहा था कि विद्यार्थियों के श्रेष्ठ विचारों को राज्य की नीतियों में शामिल किया जाएगा। 140 सर्वश्रेष्ठ निबंध लिखने वाले विद्यार्थियों को सीएम के साथ और शासन के सचिवों के साथ संवाद का अवसर मिलेगा। साथ ही सरकार ने चयनित विद्यार्थियों को करियर और परीक्षा की तैयारी के लिए स्कॉलरशिप और अन्य पुरस्कार देने की घोषणा भी की है।

अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान में सरकारी और निजी दोनों स्कूलों के विद्यार्थी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। निबंध अपलोड करते ही विद्यार्थी को प्रमाण पत्र भी मिल रहा है, जिससे उनका उत्साह और बढ़ा है। हर मिनट राज्य के किसी न किसी कोने से नए निबंध पोर्टल पर आ रहे हैं।

निबंध अपलोड करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस अभियान की प्रतिदिन समीक्षा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *