देहरादून

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी औचक निरीक्षण करते हुए 1905 के कंट्रोल रूम आईटी पार्क पहुंच गए। मुख्यमंत्री के साथ सचिव मुख्यमंत्री आर मीनाक्षी सुंदरम, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 1905 कंट्रोल रूम में काम करने वाले कर्मियों से खुद ही बातचीत करने के साथ ही मिल रही शिकायतों का निस्तारण कैसे किया जा रहा है इसकी भी विस्तार से जानकारी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर जहां कर्मचारी उत्साहित दिखे तो वही एक बार हड़कंप की स्थिति भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाईन के कंट्रोल रूम से अल्मोड़ा जनपद के पच्योना गांव के निवासी लाल सिंह की समस्या सुनी। उन्होंने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को निर्देश दिये कि शिकायत का शीघ्र संज्ञान लेते हुए समाधान किया जाए। श्री लाल सिंह ने सीएम हेल्पलाईन 1905 पर शिकायत की थी कि खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के उनका राशन कार्ड रद्द कर दिया गया है। जिसके कारण क्षेत्रीय राशन डीलर द्वारा उन्हें राशन नहीं दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने लाल सिंह से बात करते हुए कहा कि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान किया जायेगा। उन्होंने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को निर्देश दिये हैं कि जिला पूर्ति अधिकारी अल्मोड़ा के स्तर पर लंबित इनकी समस्या का समाधान जल्द कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने आई.टी.डी.ए के इन्टीग्रेटेड कमांड और कंट्रोल सेंटर से यातायात व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया। उन्होंने यातायात व्यवस्थाओं में लगे सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि यातायात की सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्यवाही भी की जाए। सीएम हेल्पलाईन 1905 के कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कंट्रोल रूम में कार्य कर रहे कार्मिकों से कहा कि लोगों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित जो भी फोन कॉल आ रहे हैं, लोगों से शालीनता से बात कर उनकी समस्याएं सुने और जिस विभाग से संबंधित शिकायत है, यथा शीघ्र संबंधित विभागों को भेंजे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *