*चमोली, 16 अगस्त 2026*

टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता 2 लोगों की तलाश के लिए रविवार को रेस्क्यू अभियान और तेज कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। टनल के भीतर पानी का स्तर कम करने के लिए पंपों से लगातार पानी निकाला जा रहा है, ताकि टीमों के आगे बढ़ने और प्रभावित हिस्सों में गहन खोजबीन का रास्ता सुगम हो सके।

रेस्क्यू के दौरान टनल में फंसी मशीनों और भारी अवरोधों को हटाने का कार्य भी प्राथमिकता से किया जा रहा है। आधुनिक उपकरणों की मदद से मशीनों को बाहर निकालने का प्रयास जारी है, जिससे टीमों के लिए अंदर जाने का मार्ग साफ हो सके। मलबे को व्यवस्थित तरीके से हटाकर हर संभावित स्थान पर बारीकी से जांच की जा रही है। रेस्क्यू टीमों ने टनल के हर हिस्से को चिन्हित कर सर्च किया है और छोटी से छोटी जगह की भी गहन जांच की जा रही है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में हादसे के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद टनल से अब तक कुल 20 लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल निकालकर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि 8 लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। शेष 2 लोगों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *