देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने भेंट की।
प्रतिनिधिमंडलों ने दिसंबर 2026 से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं का मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इससे आर्थिक संबल मिलेगा और मनोबल बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल विकास की योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर चित्रकला, लक्ष्मी पंत, ज्योतिका पांडे, वृन्दा, भगवती बिष्ट, राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
