चिन्यालीसौड़ में शुक्रवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रीप परियोजना के तहत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगुण बैरियर के पास स्थापित वे-साइड ईटरी का उद्घाटन किया। इसका संचालन सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाएं ‘हिमालयन भोजनालय’ के नाम से कर रही हैं। इस दौरान मुख्य सचिव ने समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके व्यवसाय और आमदनी की जानकारी ली।
महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने से यहां से गुजरने वाले वाहन बैरियर के पास रुकते हैं, जिससे यात्रियों का आना-जाना बना रहता है। पास में पार्क होने से शाम को टहलने आने वाले स्थानीय लोग भी यहां भोजन और स्नैक्स का आनंद लेते हैं। इससे उन्हें अच्छी आमदनी मिल रही है। रीप परियोजना के सहयोग और बैंक ऋण से उन्होंने यह उद्यम शुरू किया है। अब उन्हें बड़े आयोजनों के लिए भी भोजन के ऑर्डर मिल रहे हैं।
परियोजना प्रबंधक ने बताया कि प्रदेशभर में इस तरह की ईटरियों को एकरूप पहचान देने के लिए ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम दिया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्थानीय व पारंपरिक भोजन देना और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है। मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस दौरान डीएम प्रशांत आर्य, सीडीओ राहुल आनंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
