नई दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के समग्र विकास, सड़क-रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर सहयोग और मार्गदर्शन का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामरिक, आध्यात्मिक और पर्यटन की दृष्टि से उत्तराखंड अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है, और केंद्र का सहयोग प्रदेश को नई गति दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड की समृद्ध लोककला और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उपहार भेंट किए। इनमें मलारी की पारंपरिक कोट की पट्टी, दोरखा, उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल थे। इसके साथ ही हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता को दर्शाती मां गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कई अहम मांगें रखीं। उन्होंने EAP Capping से छूट, चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार, दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन के सर्वे, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन पर विचार का अनुरोध किया। किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना का भी प्रस्ताव रखा।

मुख्यमंत्री ने कुंभ-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये और SASCI के तहत करीब 9,500 करोड़ रुपये की सहायता, RDSS के तहत 3,436.08 करोड़ रुपये, चम्पावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। देहरादून रिंग रोड, देहरादून-मसूरी रोपवे, देहरादून से हरिद्वार तक RRTS विस्तार और ऋषिकेश में जलमार्ग की फिजिबिलिटी स्टडी में सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।

उन्होंने बताया कि राज्य में रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। तीन नए आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र चिन्हित किए गए हैं। शीतकालीन यात्रा में अब तक 73 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं, जबकि आदि कैलाश में 73,041 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

मुख्यमंत्री ने वोकल फॉर लोकल की प्रगति भी साझा की। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का टर्नओवर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में छोटे राज्यों में उत्तराखंड प्रथम स्थान पर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *