चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत में 165.68 करोड़ रुपये की लागत की 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल योजनाओं के लोकार्पण तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चम्पावत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं से सड़क, जल निकासी, नागरिक सुविधाओं, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने टनकपुर एवं बनबसा में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। इसके तहत टनकपुर में 21 किमी से अधिक और बनबसा में 7.7 किमी लंबाई में नालियों का निर्माण और सुधार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टनकपुर में 237.74 करोड़ से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डा, मां पूर्णागिरि धाम में 45 करोड़ से रोपवे, शारदा कॉरिडोर के तहत शारदा घाट के पुनर्विकास के लिए 107.35 करोड़ की परियोजना, किरोड़ा नाले में पुल के लिए 48.38 करोड़ की स्वीकृति और बनबसा में 502 करोड़ की लैंड पोर्ट परियोजना पर कार्य चल रहा है। वहीं लोहाघाट में 256.97 करोड़ से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, 55.53 करोड़ से साइंस सेंटर और 20 करोड़ से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को मजबूत करेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं से आत्मनिर्भर बने पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें त्रिलोक सिंह सामंत, लक्ष्मी देवी, पूजा महर, रोहित चंद और आनंद प्रसाद शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ गांवों, सीमांत क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचे। आदर्श चम्पावत की परिकल्पना केवल एक जनपद के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखण्ड के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *