खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया एवं काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का संगम है। भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों एवं आपसी सद्भाव को और सुदृढ़ करता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों से रोटी-बेटी का संबंध रहा है। मेले में सीमांत क्षेत्रों के साथ ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की सहभागिता, पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और रीति-रिवाज इस मेले को विशेष पहचान प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर भी प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अटल आवास योजना के अंतर्गत आय सीमा को व्यावहारिक बनाने एवं सहायता राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। पीएम आवास और पीएम-जनमन के माध्यम से जरूरतमंदों को पक्के आवास दिए जा रहे हैं और उत्तराखण्ड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं। शिक्षा के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं छात्रावासों का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने मेले के विस्तार एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका और जिला पंचायत को स्नान घाटों, सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेला परिसर में स्थानीय दुकानदारों से जलेबी एवं सिंघाड़े खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश भी दिया।
