देहरादून: उत्तराखण्ड एसटीएफ तथा दून पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए डेढ़ दशक से ज्यादा समय से फरार चल रहे 1 लाख रुपये के इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त थाना बसंत विहार, देहरादून एवं कोतवाली हल्द्वानी, नैनीताल में दर्ज डकैती के मुकदमों में लगभग 17 वर्षों से वांछित चल रहा था। उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी एवं आर्म्स एक्ट सहित संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

घटना का विवरण 23-07-2009 का है, जब वादी नरेंद्र कुमार वर्मा महाप्रबंधक ओएनजीसी निवासी वसंत विहार ने थाना बसंत विहार में शिकायत दी थी कि 5 अज्ञात हथियारबंद अभियुक्तों ने उनके घर में घुसकर परिवार वालों को चोट पहुंचाते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया। इस पर थाना बसंत विहार में मु0अ0सं0 80/09 धारा 397 आईपीसी का अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना में 5 अभियुक्तों राशिद, बबलू, इमरान, समद और शौकत की संलिप्तता प्रकाश में आई। पुलिस ने 06-08-2009 को 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। उसके लगातार फरार रहने पर पहले एसएसपी देहरादून ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 1 लाख रुपये किया गया।

ऑपरेशन प्रहार के तहत एसटीएफ तथा देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रभावी पतारसी-सुरागरसी एवं मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से सूचनाएं एकत्रित कीं। अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए मेरठ से फरार होकर दिल्ली, बिहार एवं पश्चिम बंगाल में ठिकाने बदल-बदलकर रह रहा था। टीम को सूचना मिली कि अभियुक्त शौकत अली पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर टाइल्स एवं पत्थर लगाने का कार्य कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने अभियुक्त शौकत अली पुत्र लतीफ को थाना भाटपाड़ा, जनपद उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *