देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स, देहरादून में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए समस्त संगत एवं प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास के विरुद्ध आवाज उठाते हुए मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने संदेश दिया कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य समान हैं। उनकी तीन प्रमुख शिक्षाएं हमें परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से परिश्रम कर आजीविका अर्जित करने और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख परंपरा में निहित ‘सरबत दा भला’ की भावना हमें सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है। संगत और लंगर की परंपरा के माध्यम से सामाजिक समानता को व्यवहार में स्थापित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज की आस्था से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर के खुलने से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का मार्ग सुगम हुआ है। उत्तराखण्ड में स्थित श्री हेमकुंड साहिब के लिए गोविंदघाट से 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी गई है, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी तथा विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
