देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पुलिस लाइन, देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने सभी को संविधान एवं विधि दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के संबंध में अभियोजन विभाग, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने तथा आमजन को जागरूक करने के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की जाएगी। अभियोजन विभाग के कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं हेतु अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को संविधान की शपथ भी दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा एवं अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। उन्होंने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ एवं ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं, जो स्वतंत्रता के बाद देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था के सबसे बड़े सुधारों में से एक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *