नैनीताल
उत्तराखंड में पिछले कुछ महीनों से जंगली जानवरों का मानव बस्तियों की ओर अटैक लगातार बढ़ रहा है। इस तरह की घटनाओं में काफी संख्या में लोगों की जान चली गई। चाहे गढ़वाल क्षेत्र की बात हो या फिर कुमाऊं की हर तरफ एक जैसा डर और भय का माहौल बना है। इस विषय को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता विधानसभा में अपनी आवाज उठाते भी नजर आए हैं। अब नैनीताल में एक बार फिर से हिंसक जानवर का अटैक देखने को मिला है। 23 साल की युवती को बगड़ गांव में गुलदार उठा के गया। ग्रामीणों और वन विभाग की टीमें युवती को तलाशने में जुटी रही। खेत के पास कपड़े, चप्पल और मोबाइल कवर मीले हैं लेकिन युवती का पता नहीं चल सका है। नैनीताल में पंगोट से लगे बगड़ क्षेत्र में खेतों में कुत्तों को खोलने गई एक लड़की को गुलदार शाम लगभग 5:30 बजे उस पर झपट्टा मारकर उठाकर ले गया। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जंगल में उसे तलाशने लगी लेकिन अंधेरा और बारिश के कारण कोई सफलता उनके हाथ नहीं लगी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
