*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और अवस्थापना विकास कार्यों के लिए लगभग ₹5 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

जनपद पौड़ी के विधानसभा क्षेत्र यमकेश्वर में विकासखण्ड द्वारीखाल के अंतर्गत कठुड़ बड़ा, देवीखाल स्थित माँ बाल कुंवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹72.67 लाख स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹43.60 लाख जारी किए जाएंगे। इसी प्रकार विकासखण्ड दुगड्डा के महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु ₹1.69 करोड़ की स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त में ₹1.02 करोड़ प्रदान किए जाएंगे।

जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट में श्री हरिचन्द देवता मंदिर को मास्टर प्लान के तहत विकसित करने के लिए ₹1.42 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रथम किश्त ₹85.08 लाख होगी। विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के ग्राम मिलम में नन्दा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹90.16 लाख स्वीकृत कर प्रथम किश्त ₹54.09 लाख दी जाएगी। वहीं डीडीहाट के मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु ₹98.27 लाख में से अवशेष ₹39.31 लाख की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।

जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र सल्ट में कलझीपा जोशी स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹99.61 लाख स्वीकृत किए गए हैं, जिसकी प्रथम किश्त ₹59.76 लाख होगी।

साथ ही मुख्यमंत्री ने जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में तामली से रूपालीगाड से सीम तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए ₹79.44 लाख और जनपद टिहरी के विधानसभा क्षेत्र नई टिहरी में ग्राम पंचायत सिलकोट में जंगली जानवरों से बचाव हेतु घेरबाड़, सुरक्षा दीवार एवं सीसी रेलिंग मार्ग के लिए ₹93.85 लाख की स्वीकृति दी। प्रथम किश्त के रूप में क्रमशः ₹47.66 लाख और ₹56.31 लाख जारी होंगे।

इसके अलावा देहरादून के विधानसभा क्षेत्र रायपुर में उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री क्रय हेतु ₹5.00 लाख की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है।

 

सरकार का उद्देश्य प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का विकास कर पर्यटन को बढ़ावा देना और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *