*हरिद्वार, 4 अगस्त 2026*

कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था और सेवा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने देशभर से आए शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया।

मुख्यमंत्री के हरिद्वार पहुंचने पर हरकी पैड़ी से लेकर कांवड़ मार्ग तक हेलीकॉप्टर से शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई। अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पांच कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उन्हें सम्मानित किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रियों के लिए स्थापित *मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर* का भी उद्घाटन किया और शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार और जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

सेवा भाव का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री खुद कांवड़ियों के बीच पहुंचे और अपने हाथों से भोजन परोसा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार का संकल्प है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक माहौल मिले।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं में सराहनीय योगदान देने वाले *5 पुलिसकर्मियों और 5 पर्यावरण मित्रों* को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सभी कर्मयोगियों के प्रति राज्य की कृतज्ञता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अब तक 1 करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य को रवाना हो चुके हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की अपील की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *