*देहरादून, 04 अगस्त 2026*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी शामिल है। इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना रुके, बिना थके अपने हर वादे को पूरा कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं मसूरी विधानसभा के विकास को नई गति देंगी। मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में पुरकुल में सैन्य धाम का निर्माण, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक 13 किमी सड़क का उच्चीकरण और जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना से कई गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही मालदेवता से सुआखोली मार्ग का सुदृढ़ीकरण, ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव का विद्युतीकरण और सहस्त्रधारा में बाढ़ सुरक्षा कार्य भी कराए जा रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर कानून का राज स्थापित किया है। नकल विरोधी कानून के बाद 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरी मिली है। स्टार्टअप नीति, ‘एक जनपद दो उत्पाद’, ‘होम स्टे योजना’ जैसी पहलों से स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है, जिससे बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
