*मथुरा।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ, आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केन्द्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। साथ ही आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय तथा आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से है। समिति द्वारा गौ सेवा को गोवंश संरक्षण तक सीमित न रखकर आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा एवं प्रशिक्षण से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राचीन परंपराएं और आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक बनें, यही आज की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां यमुना की पवित्र धारा देवभूमि उत्तराखण्ड और ब्रजभूमि को जोड़ती है। हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण और भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। उन्होंने संत समाज एवं श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी आकर मां यमुना की आरती में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया।
