देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में UIIIDB की पांचवीं बैठक हुई। बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर सहित राज्य की महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने गतिमान परियोजनाओं में तेजी लाने और नई परियोजनाओं को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के काम धरातल पर दिखने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजनाओं को क्षेत्र की पहचान, स्थानीय संस्कृति, धार्मिक और प्राकृतिक महत्व को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाया जाए। बैठक में बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर में 3,297 करोड़ की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 495 करोड़ की परियोजनाएं क्रियान्वयन में हैं। हरकी पैड़ी और सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जिसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर में 3,456 करोड़ की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, त्रिवेणी घाट, आस्था पथ और चंद्रभागा पैदल पुल का काम गतिमान है।
शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर में 1,526 करोड़ की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 340.49 करोड़ की परियोजनाएं क्रियान्वयन में हैं। तीनों कॉरिडोर में कुल 8,279 करोड़ की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनसे 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार में 72 हेक्टेयर में स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई।
