देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा माना जाएगा और प्रभावितों को SDRF के मानकों के अनुरूप राहत राशि दी जाएगी। साथ ही आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत-बचाव में सहयोग करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भूतपूर्व सैनिकों, CAPF, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम चरण में अधिक छात्र संख्या वाले स्कूल-कॉलेजों में प्रति 1000 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने IRS पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का भी विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को साहस, धैर्य और बेहतर समन्वय की ऐतिहासिक मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि 17 दिन के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाला गया था। कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश में 133 QRT गठित हैं, जिनमें 2250 सदस्य हैं, भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *