शिलांग: उत्तराखंड के पारंपरिक जल स्रोतों धारा-नौला के पुनर्जीवन और सामुदायिक वन संरक्षण को नई दिशा देने के लिए SARRA और चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का 13 सदस्यीय दल मेघालय के तीन दिवसीय अध्ययन भ्रमण पर है। 25 से 27 नवंबर तक शिलांग में आयोजित इस भ्रमण में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, वन और ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी शामिल हैं। दल ने मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी के अधिकारियों से JICA वित्तपोषित MEGALIFE और KfW वित्तपोषित MEGARISE परियोजनाओं की कार्यप्रणाली समझी।
भ्रमण के दौरान दल ने MEGALIFE के तहत संचालित पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज (PES) मॉडल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मॉडल में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी वाली समितियों को प्राकृतिक वन संरक्षण के बदले ₹10,000 प्रति हेक्टेयर प्रतिवर्ष प्रोत्साहन राशि दी जाती है। शिलांग के एक गांव की समिति ने इस पहल से 46-47 हेक्टेयर वन संरक्षित किया है और समिति के खाते में सामुदायिक विकास के लिए करीब ₹15 लाख जमा हैं।
दल ने बायोचार उत्पादन संयंत्र का भी जायजा लिया, जहां मई 2026 से शुरू पायलट प्रोजेक्ट के जरिए बायोचार और कार्बन क्रेडिट का सीधा लाभ स्थानीय समुदायों को देने पर काम चल रहा है। अधिकारियों का मानना है कि मेघालय का PES मॉडल और सामुदायिक सहभागिता चम्पावत की धारा-नौला समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और जल स्रोतों के संरक्षण में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
