देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में ₹1700 की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई, जिसके बाद उन्हें अब ₹10,000 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया। इसके साथ ही वन आरक्षी भर्ती में अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने और सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को भी मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा फैसला लेते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का सेवा बॉन्ड अनिवार्य कर दिया है। इसके तहत पीजी पूरा करने के बाद डॉक्टरों को एक साल मेडिकल कॉलेज और एक साल पहाड़ी व दुर्गम क्षेत्रों के अस्पतालों में सेवा देनी होगी, बॉन्ड तोड़ने पर 60 से 75 लाख रुपये तक का जुर्माना लगेगा। वहीं बापूग्राम, बिंदुखत्ता समेत अन्य क्षेत्रों में वर्षों से वन भूमि पर बसे लोगों को मालिकाना हक देने के लिए उन क्षेत्रों को डी-रिजर्व करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने पर भी मंजूरी दी गई।
बैठक में सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 को मंजूरी दी गई, जिसमें संगठित के साथ असंगठित कर्मकारों को भी शामिल किया गया है। ईएसआई में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए अब डी-फार्मा के साथ बी-फार्मा भी मान्य होगा। इसके अलावा चीनी मिलों को पेराई सत्र 2026-27 के लिए ₹207.75 करोड़ की सरकारी गारंटी, ग्रामीण पेयजल योजनाओं के रखरखाव, आबकारी विभाग में 11 नए पदों के सृजन और खनन में बढ़ी दरों पर रॉयल्टी नहीं बढ़ाने के प्रस्तावों पर भी मुहर लगी।
