उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और भीषण अग्निकांड से हुई क्षति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनी तथा प्रत्येक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और अपेक्षाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड में हुए नुकसान का विस्तृत एवं वास्तविक आकलन किया जाए तथा प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ उनकी जरूरतों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्दी एवं संभावित बर्फबारी को देखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल सुरक्षित आवास की व्यवस्था की जाए। अग्निकांड में नष्ट हुए छह माह के राशन की व्यवस्था की जाएगी और बच्चों की शिक्षा बाधित न हो, इसके लिए भी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का एक-एक अधिकारी और पूरा तंत्र प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।
