देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में सौंग एवं जमरानी बांध परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि दोनों परियोजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को एकल बिंदु प्रभारी (प्रोजेक्ट मैनेजर) के रूप में तैनात किया जाए। उन्होंने जमरानी बांध के कॉफर डैम का निर्माण मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने और सौंग बांध के कार्यों को मार्च तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलाशयों एवं आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य करने को कहा।

सौंग बांध परियोजना में मुख्य बांध के निर्माण का कार्य नवंबर 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। इसके तहत 130.60 मीटर ऊंचे बांध के साथ 150 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा लगभग 88 किलोमीटर लंबी फीडर मेन का निर्माण भी शामिल है। वहीं जमरानी बांध परियोजना में डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत, कॉफर डैम का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और बांध का निर्माण जून 2029 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *