देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईएसबीटी, देहरादून स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों के रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, पर्यटन, उद्योग, निवेश, ऊर्जा, आधारभूत सुविधाओं, कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उत्तराखण्ड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू करने वाला देश का प्रथम राज्य बना है। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है और प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं और 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार मिला है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *