*देहरादून, 03 अगस्त 2026*
कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में अभियुक्त को कर्नाटक के मेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। बंजारावाला निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर दी थी कि उसकी नाबालिग बहन घर से बिना बताए चली गई है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मु0अ0सं0 211/2026 धारा 137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जांच के दौरान पता लगाया कि नाबालिग को आरिफ पुत्र मौ0 शमशाद बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कर्नाटक में है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेंगलुरु दक्षिण पाडेश्वर के पास से 24 वर्षीय आरिफ को गिरफ्तार कर नाबालिग को सकुशल बरामद किया। पीड़िता के बयान और चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर मुकदमे में धारा 65(1) बीएनएस व 3/5 पोक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त आरिफ निवासी ग्राम अनवात, थाना मंगलोर पाण्डेश्वर, दक्षिण कर्नाटक, मूल पता हिमगिरी विहार, अजबपुर खुर्द, थाना नेहरू कॉलोनी को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उ0नि0 विनोद कुमार, हे0का0 नरेन्द्र पुरी और म0का0 सावित्री शामिल रहे।
