*देहरादून, 03 अगस्त 2026*

प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के लिए जिला सहकारी बैंकों की 34 नई शाखाएं खोली जाएंगी। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि विभाग को विभिन्न जनपदों से 41 प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से 34 को मंजूरी दी गई है। हरिद्वार के 5 प्रस्तावों को आवश्यक संशोधन के बाद पुनः भेजने के निर्देश दिए गए हैं। नई शाखाएं अल्मोड़ा, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़, टिहरी, ऊधमसिंह नगर, उत्तरकाशी और चमोली के विभिन्न स्थानों पर खोली जाएंगी।

 

डॉ. रावत ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में सहकारी बैंकों की 315 शाखाएं संचालित हैं। नई शाखाओं के शुरू होने से सहकारी बैंकिंग नेटवर्क मजबूत होगा और किसानों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों व लघु उद्यमियों को बेहतर वित्तीय सेवाएं मिलेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और सहकारिता आंदोलन को नई मजबूती मिलेगी।

 

सहकारिता मंत्री ने बताया कि सभी स्वीकृत प्रस्ताव भारतीय रिजर्व बैंक को भेज दिए गए हैं। आरबीआई की अनुमति मिलते ही नई शाखाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन शाखाओं के खुलने से सहकारी बैंकों की पहुंच और व्यवसाय दोनों का विस्तार होगा तथा ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों के समावेशी विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *