*देहरादून -* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में 63 मेधावी छात्र-छात्राओं और 6 प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया।

समारोह में हाईस्कूल के 38 और इंटरमीडिएट के 25 टॉपरों को पुरस्कृत किया गया। हाईस्कूल में अक्षत गोपाल ने 98.20% अंकों के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि इंटर में गीतिका पंत और सुशीला मेहंदीरत्ता ने संयुक्त रूप से 98% अंकों के साथ टॉप किया। उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले 3-3 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी प्रशस्ति पत्र और मुख्यमंत्री ट्रॉफी दी गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल हाईस्कूल का परिणाम 92.10% और इंटर का 85.11% रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेधावी विद्यार्थी ही उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा को आधुनिक तकनीक, नवाचार और भारतीय मूल्यों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड NEP-2020 लागू करने वाले अग्रणी राज्यों में है। उन्होंने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत 12वीं पास छात्राओं को 51 हजार रुपये, 500 स्कूलों में वर्चुअल क्लासरूम, 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय और सरकारी स्कूलों में NCERT पुस्तकें जैसी पहल की जा रही हैं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक सविता कपूर सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *