*देहरादून -* ऑपरेशन कालनेमि के तहत पटेलनगर पुलिस ने वशीकरण का ढोंग कर ठगी करने वाले दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी पश्चिमी यूपी के रहने वाले हैं और पिछले डेढ़ महीने से चमन विहार में किराये पर रह रहे थे।

 

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर को गोपनीय सूचना मिली थी कि दो ठग फर्जी दस्तावेजों से बैंक खाते खुलवाकर ठगी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने चमन विहार फेज-1 स्थित आशियाना होम्स में छापा मारकर सलमान (24) निवासी शामली और शाहरुख (26) निवासी मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया।

 

पुलिस ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया पर खुद को वशीकरण विशेषज्ञ, ज्योतिषाचार्य, शास्त्री और तांत्रिक बताकर विज्ञापन देते थे। वे तांत्रिक उपायों और सिद्धि अनुष्ठानों से पारिवारिक समस्याएं दूर करने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठते थे। अपनी पहचान छिपाने के लिए वे केवल मोबाइल नंबर देते थे।

 

पूछताछ में आरोपियों ने 100 से अधिक लोगों से ठगी करना कबूल किया है। उनके कब्जे से 8 फर्जी आधार कार्ड, 10 एटीएम कार्ड, 3 पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, चेक बुक और ठगी में प्रयुक्त सिम सहित कई फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं। आरोपियों ने अपने साथियों दिलनवाज और मो. भूरा के नाम से भी फर्जी दस्तावेज और बैंक खाते खुलवाए थे। पुलिस ने कोतवाली पटेलनगर में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *