*देहरादून -* समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने मंगलवार को यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर एमडीडीए अधिकारियों के साथ आढ़त बाजार विस्थापन और इंदिरा मार्केट री-डेवलपमेंट कार्यों की समीक्षा बैठक की। मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि व्यापारियों की अपेक्षा के अनुसार निर्माण कार्य पूरे किए जाएं और बचे हुए एमओयू को 2013 की शर्तों के अनुरूप पूरा कर शेष व्यापारियों को दुकानें उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने आढ़त बाजार शिफ्टिंग में रजिस्ट्री कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और पीडब्ल्यूडी के साथ समन्वय कर जल्द रजिस्ट्री पूरी करने को कहा, ताकि सड़क चौड़ीकरण का काम समय पर हो सके। गौरतलब है कि सरकार ने सहारनपुर चौक के पास लगने वाले जाम के समाधान के लिए आढ़त बाजार के चौड़ीकरण को मंजूरी दी है, जिसके चलते प्रभावित व्यापारियों को आईएसबीटी के पास शिफ्ट किया जाना है।
बैठक में एमडीडीए उपाध्यक्ष वंशीधर तिवारी ने बताया कि जल्द ही शिवनाथ संस्कृत महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण और विभिन्न क्षेत्रों में पार्कों का सौंदर्यीकरण कर बेंच उपलब्ध कराए जाएंगे। बैठक में इंदिरा मार्केट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार गुरभेज सिंह, सचिव जगदीश प्रसाद सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
